बुधवार, 28 अगस्त 2013

कहाँ गई उस तरु की हरियाली






कुछ दिन पहले झूम रहा था
जाने क्या हुआ अब उसको
उसके मन की करुण दशा
भला बताए जाकर किसको
सूखे मुरझाए हैं पत्ते, सूखी हर डाली डाली
कहाँ गई उस तरु की हरियाली


गर्मी के गरम थपेड़े
कितनी बार उसने है झेले
सर्दी की ठंढ हवाएँ
झेला हंसकर दृढ अकेले
पर अम्बर में है अब, जब छाई बदरी काली
कहाँ गई उस तरु की हरियाली


उत्सव मना रहा हर कोई
फिर क्यूँ वह शांत पड़ा है
ना जाने किस दर्द की पीड़ा
मूक हुआ वह ठूंठ खड़ा है
कारण उदासी का उसकी , नहीं जानता उसका माली
कहाँ गई उस तरु की हरियाली


देखकर उसकी वेदना
क्या दुखी है कोई और
संग नहीं अभी कोई उसके
यह जीवन का कैसा दौर   
पूछ रहा यह प्रश्न खुद ही से, खुद व्यथित तरु की डाली 
कहाँ गई उस तरु की हरियाली 




शुक्रवार, 23 अगस्त 2013

वो माँ की आँखें थी

(फोटो गूगल से साभार)


तैर गए बादल उन आँखों में
वो माँ की आँखें थी 


कुछ आशाओं के टुकड़े
बहते हुए
पूरा आसमां घूमकर
उन आँखों में ठहर गए
और बरस पड़े
दुआ बनकर
अपने लाडले के लिए
वो सागर भरी आँखें माँ की थी 


अच्छी लगती है परेशानी
कभी कभी 
आरी तिरछी सिलवटों के संग 
देखकर माथे पर 
जो वस्तुतः उभरी होती हैं  
दुआएँ बनकर 
माँ के माथे पर   
वो माथे पर सिलवटें लिए एक चेहरा माँ का था 


परेशानी और सिलवटों का 
वह रूप बदल गया 
विश्वास लाडले पर अपने 
एक दुआ बन बरस गया 
और भीगो गया
ममता की धरा 
खिला गया फूल मुस्कराहट के 
एक बार फिर से 
और मुस्कुरा उठा चेहरा 
भीगे आँसूओं के ऊपर 
वो ममतामयी मुस्कान एक माँ की थी


हाँ वो माँ की आँखें थी
जिन आँखों में बादल तैरा था 







LinkWithin

Related Posts Plugin for WordPress, Blogger...