रविवार, 4 अगस्त 2013

क्या वह जमीन मुमकिन है ?








मैं कब मांगता हूँ
 पूरा आकाश
 बस मांगता हूँ
 थोड़ी सी जमीन 

जमीन जहाँ
मैं थोड़ी खुशियों की
खेती कर सकूँ
जहाँ रात को
चाँद की थोड़ी रौशनी
समेट सकूँ
और उस रौशनी में नहाता हो
एक छोटा सा घर
जो ईंट पत्थरों से नहीं
मिट्टी और खर से बना हो
जहाँ केवल सोंधी मिटटी की खुशबू
घुली हो हवाओं में
और उन हवाओं में मैं
शुकून की थोड़ी
ठंढी सांस ले सकूँ 

जहाँ कुछ भी
कृत्रिम ना हो
बनावटी ना हो
हर चीज प्रकृति के निकट
इस कृत्रिमता और बनावटीपन ने
उलझा रखा है मुझे 
कैद कर लिया है कहीं मुझे
मेरे ही अन्दर 

कब मुक्त होऊंगा मैं
और कब मिलेगी मुझे
 मेरे सपनों की
वह जमीन
क्या वह जमीन बस एक स्वप्न भर है ? 
क्या वह जमीन मुमकिन है ?

बिन जमीन
भौतिकताओं में बंधा
प्रश्न अब भी खड़ा  
अनुत्तरित
स्वप्न और हकीकत के बीच


@फोटो : गूगल से साभार 

सोमवार, 29 जुलाई 2013

खाली पड़ा कैनवास





उस खाली पड़े कैनवास  पर 
हर रोज सोचता हूँ 
एक तस्वीर उकेरूँ 
कुछ ऐसे रंग भरूँ 
जो अद्वितीय हो 
पर कौन सी तस्वीर बनाऊँ 
जो हो अलग सबसे हटकर 
अद्वितीय और अनोखी
इसी सोच में बस गुम हो जाता हूँ 
ब्रश और रंग लिए हाथों में 
पर उस तस्वीर की तस्वीर 
नहीं उतरती मेरे मन में 
जो उतार सकूँ कैनवास पर 
वह रिक्त पड़ा कैनवास 
बस ताकता रहता है मुझे हर वक्त 
एक खामोश प्रश्न लिए 
और मैं 
मैं ढूँढने लगता हूँ जवाब
पर जवाब ...
जवाब अभी तक मिला नहीं 
तस्वीर अभी तक उतरी नहीं 
मेरे मन में 
और वह खाली पड़ा कैनवास 
आज भी देख रहा है मुझे 
अपनी सूनी आँखों में खामोशी लिए  





@फोटो : गूगल से साभार

LinkWithin

Related Posts Plugin for WordPress, Blogger...